रांची: राज्य के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के क्षमता विकास और प्रशिक्षण की ज़रूरतों का आकलन करने के लिए आयोजित किए जा रहे टीचर नीड असेसमेंट (टीएनए) के दूसरे चरण की शुरुआत मंगलवार को हुई। टीचर्स नीड असेसमेंट के पहले दिन राज्य के 63 प्रखंडों में आयोजित दोनों पालियों में 98 प्रतिशत से अधिक शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 34,781 प्राथमिक शिक्षकों ने यह आकलन परीक्षा दी। सर्वाधिक भागीदारी बोकारो में शिक्षकों की देखने को मिली।
बोकारो में 1997 में से 1996 शिक्षकों ने आंकलन परीक्षा दी। यह पूरे राज्य में सर्वाधिक 98.60 प्रतिशत रहा। इसके बाद चतरा, देवघर और धनबाद क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर रहा। टीएनए के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सहायक जिला कार्यक्रम पदाधिकारी और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों ने असेसमेंट केंद्रों का निरीक्षण किया और परीक्षा की गतिविधियों का जायजा लिया। टीचर नीड असेसमेंट के दूसरे चरण के दूसरे दिन बुधवार को प्राथमिक और उच्च प्राथमिक शिक्षक असेसमेंट में शामिल होंगे।
उल्लेखनीय है कि राज्य के 63 प्रखंडो में टीचर नीड असेसमेंट के लिए असेसमेंट सेंटर बनाये गए हैं।
राज्य में आईसीटी चैंपियनशिप शुरू
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से झारखंड के 34 केंद्रों में आईसीटी चैंपियनशिप – झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव के जिलास्तरीय प्रतियोगिताओं की शुरुआत हुई। मंगलवार को सभी जिलों को मिलाकर कक्षा 9 में 457 और कक्षा 10 में 489 स्कूली बच्चों ने अपनी डिजिटल दक्षता का प्रदर्शन किया। राज्य में कुल 946 बच्चों ने उक्त दोनों कक्षा वर्गों में आईसीटी चैंपियनशिप में भाग लिया। वहीं कक्षा 9 श्रेणी में सर्वाधिक भागीदारी पलामू जिले में हुई, पलामू में 39 छात्र प्रतियोगिता में शामिल हुए। वहीं कक्षा 10 की श्रेणी में गढ़वा से सर्वाधिक 37 छात्र शामिल हुए। आईसीटी चैंपियनशिप की मॉनिटरिंग के लिए विभाग की ओर से गठित चार सदस्यों की टीम ने रामगढ़, हज़ारीबाग, कोडरमा, खूंटी, गुमला, दुमका, जामताड़ा, रांची और लोहरदगा के प्रतियोगिता केंद्रों का निरिक्षण किया। आईसीटी चैंपियनशिप में बुधवार को कक्षा 11वीं और 12वीं के बच्चे अपने डिजिटल दक्षता का प्रदर्शन करेंगे।

