धनबाद: बीते 24 अक्टूबर को धनबाद स्थित 8 लेन पर सड़क दुर्घटना में हुई मौत के बाद असर्फी अस्पताल में उपद्रवियों की ओर से की गई तोड़फोड़ और सड़क जाम मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 6 आरोपितों को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस घटना में अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
गिरफ्तार किए गए आरोपितों में दिनेश कुमार राय, श्याम कुमार प्रमाणिक, जयदेव गोप, योगेश्वर कुमार गोप, अभिमन्यु गोप और आदर्श कुमार सिंह का नाम शामिल है। इस संबंध में धनबाद के डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) नौशाद आलम ने जानकारी देते हुए कहा कि पिछले दिनों सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया था। उन्हें इलाज के लिए असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं घटना की सूचना पर अस्पताल पहुंचे उपद्रवियों ने न सिर्फ अस्ताल के इमरजेंसी वार्ड में रखे 40 से 50 लाख रुपये की मशीनों को तोड़ डाली, बल्कि चिकित्सकों के साथ गालीगलौज भी किया था। इसके अलावा सड़क जाम कर यातायात भी बाधित किया था। इस संदर्भ में सदर थाने में दो अलग-अलग मामले दर्ज किये गए थे।
वहीं, धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक टीम गठित कर छापेमारी शुरू की गई। इसमें उपद्रव में मुख्य भूमिका निभाने वाले बारामुड़ी के छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज और गुप्तचरों की मदद ली जा रही है।

